तेल आपूर्ति नहीं होगी बाधित ,सऊदी अरब ने भारत को दिया आश्वासन |

सऊदी अरब की कंपनी सऊदी अराम पर ड्रोन हमले के बाद आशंका थी कि कंपनी द्वारा भारत को तेल की आपूर्ति में  दिक्कत होगी और कंपनी तेल आपूर्ति को सुचारू रूप से नहीं कर पाएगी जो भारत के लिए बड़ी चिंता का विषय थी | लेकिन सऊदी अरब ने भारत को आश्वासन दिया है की तेल आपूर्ति में कोई भी कमी नहीं आने पाएगी |

पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोमवार को कहा, ”सऊदी अरामको के अधिकारियों ने 15 सितंबर को भारतीय रिफाइनरी कंपनियों को सूचित किया है कि उनके लिये आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जायेगी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारतीय रिफाइनरी कंपनियों तथा सऊदी अरामको के साथ स्थिति पर निगाह रखे हुए है।”

सऊदी अरब का कच्चा तेल उत्पादन घटने से भारत को आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता है। सऊदी अरब भारत का दूसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है। सऊदी अरब की कंपनी अरामको द्वारा परिचालित दुनिया के सबसे बड़े कच्चा तेल प्रसंस्करण कारखाने में ड्रोन हमले के बाद हुये नुकसान के समाचारों से कच्चे तेल के दाम अपने चार माह के उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं।

इस हमले से सऊदी अरब का आधा उत्पादन प्रभावित हुआ है। इससे दुनिया में करीब पांच प्रतिशत आपूर्ति बाधित हुई है।भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 83 प्रतिशत आयात करता है। इराक के बाद भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता सऊदी अरब है।