सेना में शामिल हुई दुश्मन को दहला देने वाली “धनुष” तोप, यह हैं इसकी खासियत

मेक इन इंडिया अभियान के अंतर्गत हाल ही में तैयार की गई धनुष तोप को सेना में शामिल कर लिया गया है। इस तोप के दम पर सरहद पार के दुश्मनों को खदेड़ने में बड़ी कामयाबी मिलने वाली है। भारत के लिए यह रक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इसी के साथ भारत शीर्ष तोप बनाने वाले देशों में भारत का नाम भी शामिल हो चुका है।

इन तोप के बैरल की रेंज 42 किलोमीटर तक की है। इसका परीक्षण 2012 से लगातार किया गया और यह सभी परीक्षणों में खरा उतरा है। यह 155 एमएम और 45 कैलिबर की है, जो कि 155 एमएम और 39 कैलिबर की तोपों से 700 किलोग्राम ज्यादा भारी है।

वर्तमान में लगभग 300 बोफोर्स तोपें सीमा पर तैनात की गई हैं और अब इन सभी का स्थान धनुष लेगा। इसकी आपूर्ति के लिए कानपुर की ऑर्डिनेंस फैक्टरी को 144 धनुष तोपें बनाने का आर्डर दिया गया है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का कहना है सेना को जितनी भी तोपों की आवश्यकता है, वे उसे बनाने में सक्षम हैं।