सभी भारतवासियों के लिए खुशखबरी,चंद्रयान-2 पृथ्वी की कक्षा छोड़ चांद की ओर बढ़ा

बुधवार सुबह इसरो ने हर भारतवासी को खुश करने वाली खबर दी ।चंद्रयान-2 ने पृथ्वी की कक्षा को छोड़ दिया है। इसरो के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3.30 बजे हमने एक महत्वपूर्ण बदलाव किया, जिसे ट्रांस-ल्यूनर इंजेक्शन कहा जाता है। इस दौरान चंद्रयान-2 पृथ्वी की कक्षा छोड़कर अपने लक्ष्य चंद्रमा की ओर आगे की तरफ बढ रहा है। इसरो के अनुसार  20 अगस्त को चांद की कक्षा में घुसने के करीब 18 दिन बाद यानी 7 सितंबर को चंद्रयान-2 चांद की सतह पर उतर जाएगा।

चांद से धरती की दूरी 3.84 लाख किलोमीटर है। चंद्रयान 2 को चांद के रास्ते पर भेजने के लिए इसरो ने पहले धरती के इर्द-गिर्द उसकी कक्षा को बढ़ाया था जिसका आखिरी चरण 6 अगस्त को पूरा कर लिया गया था।चांद के नजदीक पहुंचने पर चंद्रयान 2 का प्रोपल्शन सिस्टम फिर से फायर होगा जिससे इसकी स्पीड धीमी हो जाएगी। इससे यह चांद की प्रारंभिक कक्षा में रुक जाएगा। फिर चांद की सतह से करीब 100 किमी की ऊंचाई पर चंद्रयान 2 चक्कर लगाएगा।

इसरो चीफ के अनुसार  प्रोपल्शन सिस्टम की मदद से चंद्रयान 2 की कक्षा को कम किया जाएगा। इसके बाद लैंडर विक्रम ऑर्बिटर से अलग हो जाएगा और चांद की कक्षा में दाखिल हो जाएगा। लैंडर के 6 सितंबर को 30 किमी की दूरी पर पहुंचने के साथ ही चांद की सतह पर उतरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।