fbpx

अमेरिका ने भारत को दी चेतावनी, भारत के लिए असमंजस की स्थिति

जल्द ही भारत मे 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी शुरू हो सकती है और इसके बाद भारत मे 5G रेडियो हार्डवेयर को खरीदने की होड़ लगेगी। लेकिन दुनिया मे कुछ ही ऐसी कंपनियां हैं जो 5G रेडियो हार्डवेयर का निर्माण करती हैं। इनमे से सबसे बड़ा नाम चीनी कंपनी हुआवे का है।

बीते वर्ष अमेरिका ने हुआवे कंपनी के ऊपर डेटा चोरी का गंभीर आरोप लगाया था और इसे अमेरिकी बाज़ारों से पूरी तरह बैन भी कर दिया था। इसके बाद गूगल ने भी अपने एंड्राइड ऑपरेटिंग सिस्टम को हुआवे को देने से इनकार कर दिया।

लेकिन हाल ही में अमेरिका ने भारत को आधिकारिक रूप से चेतावनी दी है कि हुआवे द्वारा बनाए गए उपकरणों के साथ अमेरिका के उपकरणों का प्रयोग बिल्कुल भी न करें और स्पस्ट शब्दों में यह कहने का प्रयास किया है कि अमेरिका की तरह ही हुआवे को भारतीय बाजारों से पूरी तरह बैन कर दें।

इसके बाद भारत के लिए असमंजस की स्थिति बन गयी है। भारत एक बहुत बड़ा बाजार है और चीनी कंपनी हुआवे इस बात को जानती है। हुआवे ने भारतीय सरकार को सुझाव दिया है कि वे अपने निर्णय स्वतंत्र रूप से लें न कि किसी अन्य देश के दबाव में आकर लें।

हुआवे ने यह भी आश्वासन दिया है कि अगर वे किसी भी प्रकार से डेटा चोरी में पकड़े जाते हैं तो भारत सरकार उनपर तुरंत प्रतिबंध लगा सकती है और भारी जुर्माने का भी प्रावधान बना सकती है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि हुआवे भारतीय बाज़ार में आने के लिए कितना आतुर है। लेकिन अब देखने वाली बात यह है कि अमेरिका के दबाव में आकर कनाडा, न्यूज़ीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और जापान की तरह ही भारत भी हुआवे को प्रतिबंधित करेगा या स्वतंत्र रूप से निर्णय लेगा।