fbpx

भारत में कहाँ एक महीने तक दीपावली मनाई जाती है ?

भारत देश त्योहारों का देश है और दीपावली ऐसा त्यौहार है जिसे बहुत धूम धाम से मनाया जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं की भारत में ही एक ऐसी जगह है जहाँ दीपावली एक माह तक मनाई जाती है | आदिवासी बहुल बैतूल जिले में आदिवासी समाज द्वारा दीपावली का पर्व एक माह तक मनाने की परंपरा सालों से चली आ रही है। इस परंपरा को समाज की युवा पीढ़ी भी आगे बढ़ा रही है। किस गांव में दीपावली कब मनानी है ये गांव का भगत (मुखिया) तय करता है।

दीपावली मनाने की जो तिथि वह तय करता है ग्रामीण उसी दिन दीपावली मनाते हैं। हर गांव में दीपावली अलग-अलग दिन मनाई जाती है। दीपावली का पर्व आदिवासी समाज में मेहमान नवाजी के लिए भी विख्यात है। जिस गांव में दीपावली रहती है।

उस गांव के आदिवासी समाज के लोग अपने गांव में रिश्तेदारों को दीपावली पर आने का निमंत्रण घर-घर जाकर देते हैं। जिस गांव की दीपावली होती है उस गांव में मेला लगता है। जिसमें ग्रामीण मेहमान नवाजी के साथ कृषि उपयोगी सामग्री की भी खरीदी करते हैं। मेले में आसपास के गांवों के बच्चे भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

पर्व के दौरान गांव के युवक डंडार नृत्य करते हैं। डंडार नृत्य आदिवासियों का एक प्रमुख नृत्य है और इसे देखने आसपास के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। गायकी समाज के लोग भी इस अवसर पर बांसुरी की मधुर धुन पर पैरों में घुंघरू पहनकर गायकी नृत्य करते हैं।