fbpx

भविष्य का महाद्वीप किसे कहते हैं और यह भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है ?

अंटार्कटिका  महाद्वीप 

पृथ्वी के एकदम दक्षिणी भाग में स्थित अंटार्कटिक अन्य महाद्वीपों से भिन्न है। वह एकदम निर्जन, सबसे अधिक बर्फीला और ठंडा तथा अत्यंत वेगवान् पवनों का प्रदेश है। वहाँ वनस्पति के नाम पर केवल काई उगती है और जंतु के नाम पर पंखहीन मक्खी ही निवास करती है। भारत और चीन के सम्मिलित क्षेत्र से भी अधिक भूमि को घेरे हुए अंटार्कटिक में मात्र कुछ सौ वैज्ञानिकों और उनसे संबंधित लोगों की बस्ती है, पर इनमें से अधिकांश लोग पृथ्वी के अन्य भागों में आते-जाते रहते हैं।
वह पृथ्वी की, विशेष रूप से दक्षिणी गोलार्द्ध की, जलवायु को अत्यधिक प्रभावित करता है। उसे चारों ओर से घेरे अंटार्कटिक महासागर में खाद्य प्रोटीनों से युक्‍त क्रिल और मछलियों का विपुल भंडार है। वहाँ अनेक उपयोगी खनिजों के भी विशाल भंडार हैं।
भारत के लिए अंटार्कटिक का विशेष महत्त्व है। सुदूर अतीत में, भारतीय प्राय:द्वीप और अंटार्कटिक एक ही थल-खंड (गोंडवाना लैंड) के अभिन्न अंग थे। अतएव भारतीय प्राय:द्वीप की प्राकृतिक संरचना की सही जानकारी अंटार्कटिक से प्राप्‍त हो सकती है। अंटार्कटिक महासागर मानसून पवनों की उत्पत्ति को प्रभावित करता है और फलस्वरूप उस महासागर का पानी हिंद महासागर में आता रहता है। भारत के लिए अंटार्कटिक के विशेष महत्त्व को ध्यान में रखकर ही सन् 1981 से हमारे वैज्ञानिकों का एक दल हर वर्ष अंटार्कटिक जाता है और वहाँ अध्ययन एवं प्रयोग करता है। भारत ने वहाँ स्थायी अध्ययन एवं प्रयोग केंद्र भी स्थापित किया है।