लगातार बढ़ रहे हैं हिंदी भाषी, 1 अरब 44 करोड़ लोग हिंदी भाषा के बोलने वाले

विश्वभर में 1.44 अरब लोग हिन्दी को जानने वाले हैं। वैश्विक हिन्दी शोध संस्थान देहरादून की शोध रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, विश्व के 102 देशों में करीब एक अरब 44 करोड़ लोग हिन्दी भाषा के जानकार हैं। यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है जो कि हिन्दी भाषा के लिए काफी मायने रखता हैं। विष्णु लोक कॉलोनी स्थित वैश्विक हिन्दी शोध संस्थान के महानिदेशक डॉ. जयंती प्रसाद नौटियाल ने वर्ष 1997 से 2019 तक की शोध रिपोर्ट में दावा किया है कि विश्व में हिंदी भाषा के जानकारों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही हैं। हाल ही में जारी रिपेार्ट के अनुसार विश्व की कुल जनसंख्या के 19 प्रतिशत लोग हिन्दी भाषा जानते हैं। शोध की मानें तो चीनी और अंग्रेजी भाषा की तुलना में हिन्दी के जानकारों की संख्या में इजाफा हो रहा हैं। वर्ष 1997 में जहां विश्व में हिन्दी जानने वाले लोगों की संख्या 800 मिलियन थी, वहीं वर्ष 2019 में यह आंकड़ा बढ़कर 1447 मिलियन (एक अरब 44 करोड़ से अधिक) हो चुका है। विगत 34 सालों से विभिन्न विषयों पर शोध कर चुके डॉ. नौटियाल ने बताया कि विश्व में हिन्दी को सबसे अधिक लोग जानते हैं, बावजूद इसके हिंदी को वह दर्जा नही मिल पाया जिसकी वह हकदार हैं। शोध रिपोर्ट में उन्होंने विभिन्न देशों में भारत के दूतावास, विदेश मंत्रालय वेबसाइट के डाटा और विभिन्न देशों में कार्यरत हिंदी के विद्वानों से संपर्क कर शोध के आंकड़े जारी किए हैं।

दक्षिण में भी बढ़ रहा दायरा
गैर हिंदी राज्यों में भी हिंदी का दायरा बढ़ रहा है। तमिलनाडू और पुडुचेरी में 25 फीसदी, मिजोरम, नागालैंड और लक्षदीप में 30 फीसदी लोग हिंदी को जानते हैं।

इन दिशों में चमक रही हिंदी
अमेरिका में 22 लाख लोग हिंदी जानते हैं, दक्षिण अफ्रीका में 15 लाख, कानाडा में 12 लाख, ओमान में 4.77लाख लोग हिंदी जानते हैं। कांगो में 1400, चिली में 1500, ईरान में 1600, इथोपिया में 1900 लोग हिंदी जानते हैं। फ्रांस में 83 हजार और चीन में 27,200 लोग हिंदी जानते हैं।